पूँजीवादी समाज में बेरोज़गारी

सत्यम

मौजूदा पूँजीवादी व्यवस्था में पूँजीपति वर्ग बेरोज़गारी में भी अकूत मुनाफ़ा कमाता है। पूँजीवाद में बेरोज़गारी धन्नासेठों के लिए मुनाफ़े के अवसर मुहैया कराती है। कारण यदि काम करने वाले अधिक होंगे तो उनकी ख़रीद-फ़रोख्त करने यानी अपने श्रम के मूल्य के मौल-तौल की ताक़त घट जायेगी। बेरोज़गारी का महासागर पूँजीवादी व्यवस्था में रिजर्व आर्मी के समान होता है। उत्पादन के साधनों से वंचित मज़दूरों और मेहनतकशों की विशाल आबादी और मुट्ठीभर पूँजीपतियों के हाथों में उत्पादन के सभी साधनों का केन्द्रीकरण पूँजीवादी व्यवस्था का आधार होता है। पूँजीपति अपने कारख़ाने में उत्पादन कराने के लिए मज़दूर की श्रम शक्ति आठ या दस घण्टे के लिए ख़रीदता है। मज़दूर को मिलने वाले श्रमशक्ति के मूल्य के बराबर उत्पादन तो मज़दूर दो या तीन घण्टे में ही कर देता है। अपनी श्रमशक्ति के मूल्य से ऊपर मज़दूर जो भी पैदा करता है, जिसे पूँजीपति हड़प लेता है, उसको ‘अतिरिक्त मूल्य’ कहते हैं। इस अतिरिक्त मूल्य के एक हिस्से को पूँजीपति अपने अय्याशी भरे जीवन पर ख़र्च करता है, और बाक़ी को पूँजी में बदलकर उससे अपने कारोबार को और बढ़ाता है। इसे ‘पूँजी संचय’ कहते हैं। मज़दूर जो पैदा करता है, उस पर उसका कोई नियन्त्रण नहीं होता। पूँजीपति उसे उतना ही देता है जितने में वह ज़िन्दा रहकर, न्यूनतम ज़रूरतें पूरी करके काम करता रह सके, और मज़दूरों की नयी पीढ़ियाँ पैदा करता रह सके। पूँजीवाद में उत्पादन सामाजिक उपभोग के हिसाब से नहीं बल्कि मुनाफ़े के हिसाब से होता है। पूँजीपति कई होते हैं। उनके बीच मुनाफ़े के लिए गलाकाटू होड़ चलती रहती है। बड़ी पूँजी छोटी पूँजी को बाज़ार से उजाड़ने और हड़पने में लगातार लगी रहती है। मुनाफ़ा बढ़ाने की होड़ में पूँजीपति मज़दूरों से ज़्यादा से ज़्यादा काम कराने की तरक़ीबें निकालते हैं। मुनाफ़े की रफ़्तार बढ़ाने के लिए पूँजीपति फिर उन्नत मशीनें और नयी तकनीकें लाते हैं, कम मज़दूरों से ज़्यादा काम कराते हैं, बाक़ी मज़दूरों को निकाल देते हैं। मज़दूरों की बेरोज़गारी बढ़ने से उनकी मोल-तोल की ताक़त घट जाती है और वे पहले से भी कम मज़दूरी पर काम करने के लिए तैयार हो जाते हैं।

पूँजी संचय से हर हाल में मजदूरों की बेरोज़गारी पैदा होती है। पूँजी के जिस हिस्से को उत्पादन के साधन ख़रीदने के लिए इस्तेमाल किया जाता है उसे ‘स्थिर पूँजी’ कहते हैं और पूँजी के जिस हिस्से से मज़दूर की श्रमशक्ति ख़रीदी जाती है उसे ‘परिवर्तनशील पूँजी’ कहते हैं। पूँजीपति लगातार परिवर्तनशील पूँजी पर होने वाले व्यय को कम करके अपना मुनाफ़ा बढ़ाने की कोशिश करता है। स्थिर पूँजी की तुलना में परिवर्तनशील पूँजी को कम करने का नतीजा होता है मशीनों द्वारा मज़दूरों को धकिया कर बाहर कर देना।

पूँजी संचय की प्रक्रिया पूँजी की कुल मात्रा बढ़ाने की प्रक्रिया भर नहीं है। इस प्रक्रिया में पूँजी के अवयवी संघटन (यानी स्थिर और परिवर्तनशील पूँजी के अनुपात) में भी बदलाव होता है और इसका मज़दूर वर्ग पर बुरा प्रभाव पड़ता है। पूँजी का संघटन उत्पादन के साधनों (कारख़ाना, मशीनें, उपकरण, कच्चा माल आदि) और श्रमशक्ति के अनुपात के रूप में दिखायी देता है। ख़रीदे गये उत्पादन के साधनों और काम पर लगाये गये मज़दूरों की संख्या के बीच एक निश्चित सम्बन्ध होता है। उदाहरण के लिए, किसी कॉटन मिल में एक मज़दूर एक दिन में एक निश्चित मात्रा में रुई का इस्तेमाल करते हुए तकलियों की एक निश्चित संख्या ही सँभाल सकता है। इस अनुपात का स्तर समाज में उत्पादन के तकनीकी स्तर, विभिन्न उत्पादन क्षेत्रों की विशेषताओं और मशीनीकरण की मात्रा पर निर्भर करता है। पूँजीवाद के विकास के दौर में पूँजी का अवयवी संघटन स्थिर नहीं रहता है। और अधिक अतिरिक्त मूल्य निचोड़ने तथा प्रतियोगिता में आगे बढ़ने के लिए पूँजीपति को हाथ से किये जाने वाले काम के लिए मशीनें लगाकर या पुरानी मशीनों की जगह नयी मशीनें लगाकर अपने कारख़ाने का तकनीकी स्तर बढ़ाना होता है। इसके लिए, पूँजीपति मशीन उपकरणों में पूँजी निवेश बढ़ाता है। नयी मशीनें लगाये जाने से मज़दूर एक निश्चित समय में ज़्यादा कच्चे माल का इस्तेमाल करके ज़्यादा उत्पादन कर सकता है, लेकिन पूँजीपति को उतनी ही मज़दूरी देनी पड़ती है। पूँजीपति को और कच्चा माल खरीदने के लिए अपनी पूँजी बढ़ानी पड़ेगी। इस तरह निरन्तर पूँजी संचय के साथ कुल पूँजी में स्थिर पूँजी का अनुपात लगातार बढ़ता रहता है जबकि परिवर्तनशील पूँजी (जिससे मज़दूर की श्रमशक्ति ख़रीदी जाती है) का अनुपात लगातार घटता जाता है।

इस स्थिति के तमाम मेहनतकशों के लिए गम्भीर दुष्परिणाम सामने आते हैं। यदि पूँजी का अवयवी संघटन स्थिर रहे तो पूँजी संचय के साथ-साथ श्रमशक्ति की माँग बढ़ती है। यानी मज़दूर के लिए रोज़गार के अवसर बढ़ते हैं। पर पूँजी का अवयवी संघटन बढ़ जाने (यानी उसमें स्थिर पूँजी का हिस्सा बढ़ जाने) के बाद पूँजी संचय का परिणाम वही नहीं रह जाता है। इससे श्रमशक्ति की कुल माँग में वृद्धि हो सकती है, पर यह वृद्धि स्थिर पूँजी में वृद्धि के मुक़ाबले काफ़ी कम होगी। कुछ परिस्थितियों में श्रमशक्ति की कुल माँग पहले से कम भी हो जा सकती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि श्रमशक्ति की माँग कुल पूँजी की मात्रा पर नहीं बल्कि परिवर्तनशील पूँजी की मात्रा पर निर्भर करती है। उदाहरण के लिए, यदि पूँजी का अवयवी संघटन        4: 1 है तो इसका मतलब यह हुआ कि कुल पूँजी के हर 1000 रुपये में से 200 रुपये मज़दूरों पर खर्च किये जा सकते हैं। लेकिन यदि पूँजी का अवयवी संघटन बढ़कर 9: 1 हो जाये तो हर 1000 रुपये में से सिर्फ़ 100 रुपये ही मजदूरों के लिए उपलब्ध होंगे। इस तरह यदि कुल पूँजी 1,00,000 से बढ़कर 1,50,000 रुपये भी हो जाये, तो भी परिवर्तनशील पूँजी का हिस्सा 20,000 से घटकर 15,000 रुपये हो जायेगा। इससे पता चलता है कि पूँजी के अवयवी संघटन में वृद्धि मजदूरों के लिए रोज़गार के अवसर कम कर देती है। पूँजीवादी समाज में, मज़दूर वर्ग मशीनें बनाता है। पर जब ये मशीनें पूँजीपति द्वारा इस्तेमाल की जाती हैं तो बड़ी संख्या में मज़दूर बेरोज़गार हो जाते हैं। पूँजीपति द्वारा आधुनिक सिलाई मशीनें अपनाये जाने से बहुत से सिलाई मजदूर बेरोज़गार हो गये। पैकिंग मशीनें अपनाये जाने से बहुत से पैकिंग मज़दूर सड़क पर आ गये। कंप्यूटरों ने बहुत से लोगों को बेरोज़गार कर दिया। पहले जिन कामों में 5 या 10 मज़दूर लगते थे, आधुनिक कारख़ानों में अब वही काम एक मज़दूर अकेले करता है। पूँजीवाद की विकास प्रक्रिया के दौरान तकनीकों में सुधार और पूँजी के अवयवी संघटन में वृद्धि के साथ-साथ मज़दूरों के लिए रोज़गार के अवसर कम होते जाते हैं और बेरोज़गारी बढ़ती है। इसको मशीनों द्वारा मजदूरों का निष्कासन कहते हैं। इसी का नतीजा है कि “विकास” तो होता रहता है लेकिन आम मेहनतकश आबादी के जीवन में बदहाली कम होने के बजाय बढ़ती जाती है। इसी को विश्व बैंक जैसी पूँजीवादी संस्थाएँ “रोज़गार विहीन विकास” का नाम देती हैं।

पूँजी के अवयवी संघटन में वृद्धि श्रमशक्ति की माँग में सापेक्षिक कमी ला देती है। लेकिन पूँजी संचय बढ़ने के साथ श्रमशक्ति की आपूर्ति बहुत अधिक बढ़ जाती है। पूँजीवादी उत्पादन तकनीकों के विकास और मशीनों के व्यापक तौर पर अपनाये जाने से कई श्रम कार्य इतने आसान बन गये कि बहुत-सी औरतें और बच्चे भी भाड़े के मजदूरों की जमात में शामिल हो सकते थे। पूँजीपति उन्हें काम पर रखना पसन्द करते थे क्योंकि उनसे कम मज़दूरी पर काम कराया जा सकता था। इसके साथ ही पूँजीवादी उत्पादन के फैलाव के साथ बड़ी संख्या में छोटे माल उत्पादक और छोटे पूँजीपति दिवालिया हो जाते हैं और अपनी श्रमशक्ति बेचने के लिए मजबूर हो जाते हैं। छोटे व्यापारी, छोटे दुकानदार आदि को पूँजी लगातार उजाड़ती रहती है। ग्रामीण क्षेत्रों में पूँजीवाद का विकास बड़ी संख्या में किसानों को भी कंगाल बना देता है जो आजीविका कमाने के लिए शहरों में उमड़ पड़ते हैं। इन सब कारणों से श्रमशक्ति की आपूर्ति बहुत अधिक बढ़ जाती है।

इस प्रकार, एक ओर श्रमशक्ति की माँग में सापेक्षिक रूप से कमी आती है, दूसरी ओर श्रमशक्ति की आपूर्ति बहुत अधिक बढ़ जाती है। नतीजा यह होता है कि पूँजीवादी समाज में हर समय बेरोज़गारों की एक बड़ी जमात मौजूद रहती है जो “सापेक्षिक अतिरिक्त आबादी” होती है। यह तथाकथित सापेक्षिक अतिरिक्त आबादी केवल पूँजीवादी माँग के सन्दर्भ में “अतिरिक्त” या “फालतू” होती है। इसका यह मतलब नहीं होता कि आबादी इतनी ज़्यादा हो गयी है कि समाज द्वारा पैदा किये जा रहे आजीविका के साधन उसके लिए पर्याप्त नहीं हैं। वास्तव में निरपेक्ष अतिरिक्त आबादी जैसी कोई चीज़ हो ही नहीं सकती क्योंकि व्यक्ति के पास सिर्फ़ खाने के लिए मुँह ही नहीं होता, उसके पास दो हाथ भी होते हैं जिनसे वह भौतिक सम्पदा उत्पन्न कर सकता है। जब मेहनतकश जनता के हाथों में समाज की बागडोर होगी, तो वह आजीविका के और अधिक साधन पैदा करने के लिए उत्पादन को इस तरह से उन्नत और विस्तारित करेगी जिससे आम आबादी का जीवनस्तर ऊपर उठेगा। दुनिया के कई देशों में अतीत में ऐसा हो भी चुका है। केवल पूँजीवादी समाज में, जहाँ मज़दूरों की किस्मत उनके अपने हाथों में नहीं होती और मशीनों को पूँजी के रूप में इस्तेमाल किया जाता है, मज़दूरों को सापेक्षिक अतिरिक्त आबादी के रूप में विस्थापित कर दिया जाता है।

पूँजीवादी समाज में अतिरिक्त आबादी के तीन मूल रूप होते हैं। पहला, सचल अतिरिक्त आबादी। यह वह बेरोज़गार आबादी होती है जो उत्पादन प्रक्रिया में अस्थायी तौर पर विस्थापित कर दी गयी है। इस प्रकार की बेरोज़गार आबादी औद्योगिक केन्द्रों में सबसे ज़्यादा होती है। आर्थिक संकटों के दौर में या नयी मशीनें और नयी तकनीकें अपनाये जाने पर कुछ मज़दूर विस्थापित हो जाते हैं। कारख़ानों में माँग बढ़ने पर बहुत से मज़दूरों को काम पर रखा जाता है और माँग घटते ही उन्हें निकालकर बाहर कर दिया जाता है। ज़्यादातर लोग कभी रोज़गार पाते हैं तो कभी सड़क पर आ जाते हैं। पिछले 25-30 वर्षों में निजीकरण-उदारीकरण की नीतियों में सबसे ज़्यादा ज़ोर इसी बात पर रहा है कि मालिकों को मनचाहे ढंग से मज़दूरों को काम पर रखने और निकालने का अधिकार होना चाहिए। आजकल कारख़ानों में ही नहीं, रेलवे, डाक-तार जैसे सरकारी विभागों से लेकर बैंकों तक में करोड़ों मज़दूर और कर्मचारी पूरी तरह नियोक्ताओं के रहमो-करम पर होते हैं, जिन्हें कभी भी निकालकर सड़क पर धकेला जा सकता है।

दूसरा है, छिपी हुई अतिरिक्त आबादी, यानी ग्रामीण क्षेत्रों में अतिरिक्त आबादी। कृषि उत्पादन के पूँजीवादीकरण और पूँजी के अवयवी संघटन में वृद्धि के बाद कृषि मजदूरों की माँग भी घटती जाती है। इससे भी बढ़कर यह कि कृषि में श्रमशक्ति का यह विस्थापन निरपेक्ष होता है। जब तक और नयी ज़मीन कृषियोग्य न बनायी जाये तबतक और श्रमशक्ति नहीं खप सकती। पूँजीवादी कृषि द्वारा विस्थापित मज़दूरों में से बहुत से मज़दूर शहरों में चले जाते हैं। दूसरे ज़मीन के छोटे-से टुकड़े से चिपके रहते हैं और साथ में इधर-उधर के काम करके पेट पालते हैं। वे स्वरूप में बेरोजगार भले न हों पर कृषि उत्पादन के लिए तो वे “फालतू” बना दिये गये होते हैं। इसे छिपी हुई अतिरिक्त आबादी कहते हैं।

तीसरा है, स्थिर अतिरिक्त आबादी। ये लोग अस्थायी क़िस्म के कामकाज या इधर-उधर के छोटे-मोटे काम करते हैं। उपलब्ध श्रमशक्ति का एक हिस्सा होते भी उनका कोई स्थायी पेशा नहीं होता। आमतौर पर उनके काम के घण्टे बहुत ज़्यादा और मज़दूरी बहुत कम होती है। उनका जीवनस्तर मज़दूर वर्ग के औसत जीवन स्तर से काफ़ी नीचे होता है। आज हमारे देश में ऐसे “अर्द्ध-बेरोज़गारों” की तादाद करोड़ों में है और बढ़ती जा रही है।

पूँजीवादी समाज में, “फालतू” आबादी के इन तीन रूपों के अलावा बेहद ग़रीब लोगों की एक बहुत बड़ी संख्या होती है जो दूसरों की दया पर निर्भर रहते हैं और भीख माँगकर गुज़ारा करते हैं। इनमें बूढ़े, कमज़ोर, विकलांग, अनाथ और बेघर लोग शामिल होते हैं जो विभिन्न कारणों से श्रम करने की क्षमता खो चुके होते हैं। ये सापेक्षिक अतिरिक्त आबादी की सबसे निचली पायदान पर होते हैं और इनकी दशा सबसे ख़राब होती है।

सापेक्षिक अतिरिक्त आबादी पूँजी संचय का अपरिहार्य परिणाम है। लेकिन, साथ ही, ये लोग पूँजी संचय में एक औज़ार, यहाँ तक कि पूँजीवादी उत्पादन प्रणाली के बने रहने और इसके विकास की एक शर्त भी बन जाते हैं। पूँजीपति बेरोज़गार मज़दूरों की मौजूदगी को काम पर लगे हुए मज़दूरों का शोषण-उत्पीड़न बढ़ाने के लिए ‘ट्रम्प कार्ड’ के रूप में इस्तेमाल करता है। पूँजीपतियों और उनके चाकरों के मुँह से ऐसी बातें अक्सर सुनी जा सकती हैं : “सौ मज़दूरों का इन्तज़ाम करने से ज़्यादा मुश्किल है सौ कुत्ते ढूँढ़ना।” या, “इतने पर काम नहीं करना है, तो भाग जाओ, बाहर एक के बदले दस खड़े हैं लाइन में।” पूँजीपति इतना आक्रामक क्यों है? क्योंकि कारख़ाने के गेट के बाहर हज़ारों हज़ार बेरोज़गार मज़दूर मौजूद हैं। पूँजीपति कारख़ाने के अन्दर के मजदूरों को धमकाने और उनकी मज़दूरी कम करने के लिए इन बेरोज़गारों का इस्तेमाल करता है। इसके साथ ही पूँजीवाद होड़ और अराजकता के बीच ही विकसित होता है और अचानक सिकुड़ने या फैलने के दौर इसकी ख़ासियत होते हैं। जब उत्पादन अचानक बढ़ता है तो पूँजीपति की श्रम की माँग श्रमशक्ति में स्वाभाविक रूप से होने वाली वृद्धि से पूरी नहीं हो पाती। तब पूँजीपति को श्रमशक्ति के “सुरक्षित भण्डार” की ज़रूरत होती है। सापेक्षिक अतिरिक्त आबादी ऐसे “सुरक्षित भण्डार” का काम करती है। इसी अर्थ में पूँजीवादी समाज में बेरोज़गारों की विशाल फौज को औद्योगिक रिज़र्व सेना कहा जाता है। पूँजीवादी उत्पादन प्रणाली का अस्तित्व और विकास इसके बिना नहीं हो सकता।

(यह लेख मज़दूर बिगुल अखबार से साभार लिया गया है जोकि फरवरी 18 अंक में छपे लेख का हिस्सा है )

मुक्तिकामी छात्रों-युवाओं का आह्वान,मई-जून 2018

'आह्वान' की सदस्‍यता लें!

 

ऑनलाइन भुगतान के अतिरिक्‍त आप सदस्‍यता राशि मनीआर्डर से भी भेज सकते हैं या सीधे बैंक खाते में जमा करा सकते हैं। मनीआर्डर के लिए पताः बी-100, मुकुन्द विहार, करावल नगर, दिल्ली बैंक खाते का विवरणः प्रति – muktikami chhatron ka aahwan Bank of Baroda, Badli New Delhi Saving Account 21360100010629 IFSC Code: BARB0TRDBAD

आर्थिक सहयोग भी करें!

 

दोस्तों, “आह्वान” सारे देश में चल रहे वैकल्पिक मीडिया के प्रयासों की एक कड़ी है। हम सत्ता प्रतिष्ठानों, फ़ण्डिंग एजेंसियों, पूँजीवादी घरानों एवं चुनावी राजनीतिक दलों से किसी भी रूप में आर्थिक सहयोग लेना घोर अनर्थकारी मानते हैं। हमारी दृढ़ मान्यता है कि जनता का वैकल्पिक मीडिया सिर्फ जन संसाधनों के बूते खड़ा किया जाना चाहिए। एक लम्बे समय से बिना किसी किस्म का समझौता किये “आह्वान” सतत प्रचारित-प्रकाशित हो रही है। आपको मालूम हो कि विगत कई अंकों से पत्रिका आर्थिक संकट का सामना कर रही है। ऐसे में “आह्वान” अपने तमाम पाठकों, सहयोगियों से सहयोग की अपेक्षा करती है। हम आप सभी सहयोगियों, शुभचिन्तकों से अपील करते हैं कि वे अपनी ओर से अधिकतम सम्भव आर्थिक सहयोग भेजकर परिवर्तन के इस हथियार को मज़बूती प्रदान करें। सदस्‍यता के अतिरिक्‍त आर्थिक सहयोग करने के लिए नीचे दिये गए Donate बटन पर क्लिक करें।