बिल गेट्स और वॉरेन बुफे की चैरिटी: जनता की सेवा या पूँजीवाद की सेवा?

अन्तरा घोष

कार्ल मार्क्स ने ‘कम्युनिस्ट घोषणापत्र’ में लिखा है कि पूँजीवादी समाज में बुर्जुआ वर्ग का एक हिस्सा हमेशा धर्मार्थ और सुधार के कामों में संलग्न होता है। इससे जनता का पूँजीवाद के प्रति भ्रम बरकरार रहता है और पूँजीवाद की उम्र बढ़ती है। इससे पूँजीवादी समाज में ग़रीबी और बदहाली का उन्मूलन नहीं होता, समानता और न्याय की स्थापना नहीं होती। बल्कि शोषक और अन्यायी व्यवस्था के कायम रहने की ज़मीन तैयार होती है।

420buffett-gates-charity-420x0

हाल ही में विश्व के दो सबसे अमीर व्यक्ति बिल गेट्स और वॉरेन बुफे ने अपनी-अपनी निजी सम्पत्ति का बड़ा हिस्सा धर्मार्थ के कार्यों में दान देने की घोषणा की और फिर वे दुनिया भर के अरबपतियों को अपनी-अपनी व्यक्तिगत सम्पत्ति का आधा-आधा हिस्सा देने के लिए मनाने में लग गये। नवीनतम सूचना के अनुसार वे 40 अरबपतियों को मनाने में कामयाब हुए हैं और इससे 6000 लाख डॉलर की राशि ग़रीब देशों में एन.जी.ओ. और सुधार संस्थाओं को मिलने की उम्मीद है। इस ख़बर से दुनिया भर के मध्यवर्ग का एक बड़ा हिस्सा इन अरबपतियों के गुणगान में लग गया है और उसे लगने लगा है कि इतनी बड़ी राशि के जन सेवा में लगने से कोई क्रान्तिकारी परिवर्तन आ जायेगा और एक ‘बेहतर दुनिया का निर्माण हो जायेगा।’ ये लोग इन अरबपतियों की दानवीरता पर भावुक हो गये हैं और रुँधे हुए गले से उनका प्रशस्ति-गान गाने में लगे हुए हैं। उन्हें यह प्रतीत हो रहा है कि इन अरबपतियों ने इतना बड़ा त्याग किया है जो एक मिसाल बन गया है। लेकिन उन्हें पता नहीं है कि ऐसी चैरिटी करना पूँजीपति वर्ग के लिए कोई नयी बात नहीं है। 1890 में कार्नेगी और हेनरी फ्रिक ने भी कुछ ऐसा ही किया था। लेकिन ये ही वे पूँजीपति थे जिन्हें मज़दूरों के न्यायपूर्ण संघर्ष के बर्बर दमन के लिए भी जाना जाता है। बिल गेट्स और वॉरेन बुफे का इतिहास भी इससे कुछ अधिक अलग नहीं है, लेकिन अभी हम उस इतिहास में नहीं जायेंगे। अभी हमारा मकसद दो सवालों का जवाब देना है। पहला सवाल यह कि इस मदद से दुनिया में क्या परिवर्तन आने वाला है? और दूसरा सवाल, क्या वाकई यह आधी सम्पत्तियों का दान और परार्थता की मिसाल है?

पहले सवाल का जवाब है नहीं! पूँजीवाद ने अपने लगभग 200 वर्ष के इतिहास में दुनिया को जो बना दिया है, उसकी मरम्मत के लिए किसी बड़ी धर्मार्थ राशि की ज़रूरत नहीं है। जब तक पूँजीवाद रहेगा, आम आदमी बरबाद रहेगा। अभी पूरे विश्व की बात छोड़ दें, सिर्फ भारत पर ऐसी चैरिटी के ख़र्च होने के प्रभाव की बात करते हैं। अर्जुन सेनगुप्ता समिति के अनुसार भारत में 84 करोड़ लोग 20 रुपये प्रतिदिन या उससे कम की आय पर जीते हैं। अगर इन सभी बेहद ग़रीब लोगों में गेट्स और बुफे द्वारा जुटाये गये 6000 लाख डॉलर को बराबर-बराबर बाँट दिया जाये, तो सभी को करीब 7.14 डॉलर मिलेंगे। इसका अर्थ हुआ लगभग 300 रुपये। यानी, उनकी प्रतिदिन की 20 रुपये की आय में साल भर के हिसाब से 1 रुपये की भी वृद्धि नहीं होगी! इससे सिर्फ भारत के ही ग़रीबों की जिन्दगी पर कोई असर नहीं पड़ने वाला। अभी हम इसमें सभी विकासशील या कम विकसित देशों की ग़रीब आबादी को नहीं जोड़ रहे हैं। अगर इन सभी को जोड़ दिया जाये तो ये 6000 लाख डॉलर कैसे ग़ायब हो जायेंगे पता भी नहीं चलेगा। इससे दुनिया के सभी दरिद्रों के शरीर पर एक सूत का धागा भी नहीं डाला जा सकता है! पूँजीवाद ने पिछले 200 वर्षों में दुनिया के सभी देशों में मेहनतकशों का लहू निचोड़-निचोड़कर जितना मुनाफा कमाया है, उसकी तुलना में ये 6000 लाख डॉलर वैसे ही हैं जैसे कि प्रशान्त महासागर की तुलना में पानी की एक बूँद। इस चैरिटी से दुनिया के ग़रीबों का कोई भला नहीं होने वाला है! हाँ, एक काम ज़रूर होने वाला है – दुनिया भर के मध्यवर्ग और निम्न मध्यवर्ग की भारी आबादी और साथ ही सचेत मज़दूर आबादी में भी, पूँजीवादी व्यवस्था के मानवतावादी होने और उसके उत्तरजीवी होने को लेकर ज़बर्दस्त भ्रम पैदा होगा। ख़ास तौर पर, पढ़े-लिखे युवाओं के बीच बिल गेट्स और वॉरेन बुफे जैसे लुटेरे सन्त और आदर्श बनकर उभरेंगे। छात्रों के दिमाग़ में व्यवस्था द्वारा पैठाया गया यह तर्क और मज़बूत होगा कि ‘पहले ख़ुद कुछ बन जायें, तभी तो समाज के लिए कुछ करेंगे!’ और वे इस समझदारी से और दूर होते जायेंगे ये ‘कुछ’ वास्तव में कुछ भी नहीं है और इससे दुनिया में कुछ भी नहीं बदलने वाला। यह जनता के मन में पूँजीपतियों और धनपतियों के प्रति पलने वाले रोष के लिए एक ‘सेफ्टी वॉल्व’ का काम करेगा, जो कुछ गुस्सा क्रमिक प्रक्रिया में रिलीज़ कर देगा। लोग व्यवस्था के विकल्प के बारे में सोचने की बजाय व्यवस्था के भीतर ऐसे तथाकथित मसीहाओं के अवतरित होने के बारे में सोचते और उम्मीद करते रहेंगे। कुल मिलाकर, इस चैरिटी से होना-जाना कुछ भी नहीं है। बस, समाज में पूँजीवाद के प्रति भ्रम की उम्र कुछ और बढ़ जायेगी। और पूँजीपति वर्ग कुछ समय के अन्तराल पर ऐसे कुछ कदम उठाता रहता है, इसमें कुछ भी नया नहीं है। लेकिन ऐसे सभी प्रयास अन्ततः असफल हो जाते हैं; पहले भी होते रहे हैं और बाद में भी होते रहेंगे। पहली बार ऐसी चैरिटी आस जगाती है; कोई वास्तविक प्रभाव नहीं पड़ता; दूसरी बार ऐसी चैरिटी से जगने वाली आस कम होती है; फिर कोई परिवर्तन नहीं आता; तीसरी बार ऐसी चैरिटी एक ख़बर भी नहीं रह जाती है; चौथी बार यह उबाती है; पाँचवीं बार गुस्सा दिलाती है; छठी बार नफरत पैदा करती है और अन्ततः यह कोई भ्रम पैदा करने के बजाय जनता को और बग़ावती बनाती है और जनता उठकर बोलती है कि हमें तुम्हारी ख़ैरात नहीं चाहिए, अपना हक चाहिए यानी, पूरी दुनिया!

अब दूसरे सवाल का जवाब। क्या इस चैरिटी से बिल गेट्स या वॉरेन बुफे (जिन्होंने वास्तव में अपनी निजी सम्पत्ति का 99 प्रतिशत देने का वायदा किया है!) जैसे दैत्यों की सेहत पर कोई ख़ास असर पड़ता है? क्या इससे उनकी दानवीरता और परार्थता झाँकती है? इसका भी जवाब है नहीं! आइये देखें किस तरह। वॉरेन बुफे की सम्पत्ति का 99 प्रतिशत से ज़्यादा हिस्सा उनकी व्यक्तिगत सम्पत्ति से नहीं आता है। यह आता है वॉल मार्ट और गोल्डमान साक्स जैसे वित्तीय दैत्य कारपोरेशनों में शेयर से। वॉल मार्ट अमेरिका में सबसे कम मज़दूरी देने के लिए जाना जाता है और इसकी दुकानों में अमेरिकी मज़दूर लगभग न्यूनतम मज़दूरी पर काम करते हैं। वॉल मार्ट अपनी कई कपड़ा फैक्टरियों को चीन ले जा चुका है या ले जा रहा है जहाँ वह चीनी मज़दूरों से 147 डॉलर प्रति माह पर काम करवा रहा है। गोल्डमान साक्स वही वित्तीय संस्था है जिसके प्रमुख ने अभी कुछ महीने पहले स्वीकार किया था कि उसकी संस्था ने लापरवाही से सबप्राइम ऋण दिये जिनके कारण विश्व वित्तीय व्यवस्था चरमराई, संकट आया और दुनिया भर के मज़दूर और नौजवानों का एक बड़ा हिस्सा आज सड़कों पर बेरोज़गार है या गुलामी जैसी स्थितियों में काम कर रहा है। इन कम्पनियों का मुनाफा खरबों डॉलरों में है, जिसके लाभांश प्राप्तकर्ताओं में वॉरेन बुफे का स्थान शीर्ष पर है। ये तो सिर्फ दो उदाहरण हैं। ऐसे बीसियों साम्राज्यवादी कारपोरेशनों की विश्वव्यापी लूट का एक विचारणीय हिस्सा वॉरेन बुफे के पास जाता है। उनकी व्यक्तिगत सम्पत्ति उनके इस मुनाफे के सामने बेहद मामूली है।

बिल गेट्स की कहानी भी इससे कोई अलग नहीं है। बिल गेट्स कानूनी तौर पर स्वयं अपनी कम्पनी के कर्मचारी हैं और इसके लिए उन्हें तनख़्वाह मिलती है। ठीक उसी प्रकार जिस प्रकार मुकेश अम्बानी अपनी ही कम्पनी के कर्मचारी हैं। मन्दी के वक़्त दुनिया के बेरोज़गारों और ग़रीबों की बद्दुआएँ और नफरत इनके महलों के लिए ख़तरा न बनें, इसके लिए ऐसे तमाम सी.ई.ओ. (केन्द्रीय कार्यकारी अधिकारियों) ने अपने-अपने वेतन में कटौती करके दिखलाया कि मन्दी की मार का असर झेलने को वे स्वयं को प्रस्तुत कर रहे हैं। इससे उनकी कम्पनियों से छँटनी करके निकाले गये लोगों का गुस्सा दिशाहीन हो जाता है। आखि़र मालिक ने भी तो कुछ कीमत चुकाई! लेकिन क्या बेवकूफी है! इस पर विश्वास किया जा सकता है? बिल गेट्स की कम्पनी पिछले एक दशक से हर वर्ष अधिक से अधिक मुनाफे की दर का रिकॉर्ड बना रही है। इस मुनाफे के आधे से अधिक के हकदार स्वयं बिल गेट्स ही तो हैं क्योंकि कम्पनी के आधे से अधिक शेयर उन्हीं के पास हैं। माइक्रोसॉफ्रट पूरी दुनिया के सॉफ्टवेयर बाज़ार में एक एकाधिकारी कम्पनी है। इस कम्पनी में अपने शेयर के अलावा अन्य कई कारपोरेशनों और वित्तीय संस्थाओं में गेट्स के शेयर हैं। अगर इन सभी शेयरों को जोड़ दिया जाये तो यह किसी विकासशील देश के सकल घरेलू उत्पाद के बराबर हो जायेंगे। पूरी दुनिया में अपनी लूट के बूते यह सारी सम्पदा बटोरी जाती है। गेट्स की व्यक्तिगत सम्पत्ति का कानूनी तौर पर आकलन तो माइक्रोसॉफ्रट द्वारा उनको मिलने वाले ‘’वेतन’‘ के आधार पर होता है और इससे गेट्स की वास्तविक सम्पत्ति की कोई तस्वीर नहीं मिलती।

इन अरबपतियों की व्यक्तिगत सम्पत्ति का इनके लिए कोई विशेष महत्त्व नहीं होता है। क्योंकि वास्तविक सम्पत्ति वित्तीय एकाधिकारी पूँजीवाद के इस दौर में शेयरों और हिस्सेदारियों में निहित होती हैं। इसलिए वे अपनी पूरी व्यक्तिगत सम्पत्ति भी दान कर दें तो इससे उनकी परार्थता नहीं झलकती है। यह रहस्य छिपा रहे इसीलिए 2009 में जिस बैठक में गेट्स और बुफे ने इस चैरिटी का प्रस्ताव रखा, उसे पूरी तरह से गुप्त रखा गया। साफ है, ये वे अरबपति हैं जो विश्व पूँजीवाद के शीर्ष पर बैठे कारपोरेशनों के मालिक हैं और दुनिया की दुर्गति के लिए वे ही जिम्मेदार हैं। यह दुर्गति उन्होंने अनजाने में नहीं की है कि ईसा मसीह की तरह बोला जा सके, ‘हे पिता! इन्हें माफ करना, ये नहीं जानते ये क्या कर रहे हैं।’ ये लुटेरे अच्छी तरह से जानते हैं कि इस दुनिया के मेहनतकश अवाम के साथ वे क्या करते रहे हैं और अब अगर उनके दिल में चैरिटी माता प्रकट हो गयी हैं तो भी समझा जा सकता है कि ऐसा क्यों है। मार्क्स के उपरोक्त कथन में ही सारी सच्चाई निहित है। पूँजीवाद को ऐसे अमीर फिलैन्थ्रोपिस्ट की हमेशा से ही ज़रूरत रही है; उसने हमेशा उन्हें पैदा किया है और आगे भी करता रहेगा। यह उसके वर्चस्व की प्रणाली का अंग है। इसके बिना उसकी उत्तरजीविता सम्भव नहीं है। यही है माननीय बिल गेट्स और माननीय वॉरेन बुफे की चैरिटी की नौटंकी का राज़!

 

मुक्तिकामी छात्रों-युवाओं का आह्वान, जुलाई-अक्‍टूबर 2010

 

'आह्वान' की सदस्‍यता लें!

 

ऑनलाइन भुगतान के अतिरिक्‍त आप सदस्‍यता राशि मनीआर्डर से भी भेज सकते हैं या सीधे बैंक खाते में जमा करा सकते हैं। मनीआर्डर के लिए पताः बी-100, मुकुन्द विहार, करावल नगर, दिल्ली बैंक खाते का विवरणः प्रति – muktikami chhatron ka aahwan Bank of Baroda, Badli New Delhi Saving Account 21360100010629 IFSC Code: BARB0TRDBAD

आर्थिक सहयोग भी करें!

 

दोस्तों, “आह्वान” सारे देश में चल रहे वैकल्पिक मीडिया के प्रयासों की एक कड़ी है। हम सत्ता प्रतिष्ठानों, फ़ण्डिंग एजेंसियों, पूँजीवादी घरानों एवं चुनावी राजनीतिक दलों से किसी भी रूप में आर्थिक सहयोग लेना घोर अनर्थकारी मानते हैं। हमारी दृढ़ मान्यता है कि जनता का वैकल्पिक मीडिया सिर्फ जन संसाधनों के बूते खड़ा किया जाना चाहिए। एक लम्बे समय से बिना किसी किस्म का समझौता किये “आह्वान” सतत प्रचारित-प्रकाशित हो रही है। आपको मालूम हो कि विगत कई अंकों से पत्रिका आर्थिक संकट का सामना कर रही है। ऐसे में “आह्वान” अपने तमाम पाठकों, सहयोगियों से सहयोग की अपेक्षा करती है। हम आप सभी सहयोगियों, शुभचिन्तकों से अपील करते हैं कि वे अपनी ओर से अधिकतम सम्भव आर्थिक सहयोग भेजकर परिवर्तन के इस हथियार को मज़बूती प्रदान करें। सदस्‍यता के अतिरिक्‍त आर्थिक सहयोग करने के लिए नीचे दिये गए Donate बटन पर क्लिक करें।